Thursday, October 1, 2026

त्योहारों पर हाई अलर्ट: प्रशासन सख्त!



मुजफ्फरनगर, 28 फरवरी 2026।
जनपद में आगामी त्योहारों — होलिका दहन/होली, नवरात्रि और ईद-उल-फितर (रमजान) — को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पीस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया।


—

परंपरा से ही मनें त्योहार, नई परंपरा नहीं

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सभी त्योहार परंपरागत ढंग से और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाएं। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बिजली, पानी और साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर पालिका और संबंधित विभागों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।


—

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने दो टूक कहा कि जो भी व्यक्ति आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खास तौर पर सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील की और कहा कि किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर न करें।

उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस या उच्चाधिकारियों को दें।


—

होली पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। होली के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों से पहले क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा कर लें और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें।


—

जनपदवासियों को शुभकामनाएं, शांति की अपील

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों को आगामी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और अपील की कि आपसी सम्मान, भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं।

पीस कमेटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अमन-चैन बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news