शाहपुर पुलिस ने 8 बड़ी चोरियों का किया खुलासा, हथियारों के साथ भारी बरामदगी।
जनपद मुजफ्फरनगर में बिजली आपूर्ति को नुकसान पहुंचाने वाले एक शातिर ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना शाहपुर पुलिस ने ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी करने वाले 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 8 चोरी के मामलों का सफल अनावरण किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तमंचे, जिंदा कारतूस, चाकू, करीब 200 किलो कॉपर कॉइल, 20 किलो एल्यूमिनियम तार और चोरी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस पर फायरिंग कर भागे बदमाश, घेराबंदी कर दबोचे गए
दिनांक 2 फरवरी 2026 को थाना शाहपुर पुलिस बाबूजी फिलिंग स्टेशन के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक छोटे हाथी वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बैरियर तोड़ते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने पीछा किया तो वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया। बदमाश वाहन छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर 6 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुतुबपुर, खुड्डा, भैसरहेड़ी, तुगलकपुर, शकरपुर, मोला हेड़ी, लछेड़ा और कुरथल समेत कई क्षेत्रों से ट्रांसफार्मर काटकर तांबे की कॉइल और बिजली के तार चोरी किए थे। वाहन में लदी सभी कॉइलें उन्हीं चोरियों की थीं, जिन्हें बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
शातिर अपराधी, लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल जोगिन्द्र उर्फ टीना और उसके साथियों का बिजली चोरी, हथियार, लूट और गंभीर आपराधिक मामलों में लंबा रिकॉर्ड सामने आया है। अभियुक्तों पर मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ समेत कई जिलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिला इनाम
इस साहसिक और सराहनीय कार्रवाई के लिए थाना शाहपुर पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹15,000 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक संपत्ति की चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

