Thursday, October 1, 2026

टोल प्लाज़ा पर पलटा ई-रिक्शा, एक की दर्दनाक मौत।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। तितावी थाना क्षेत्र के शामली-मुजफ्फरनगर रोड स्थित जगाहेड़ी टोल प्लाज़ा पर एक अनियंत्रित ई-रिक्शा अचानक पलट गई। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा टोल प्लाज़ा से गुजर रहा था, तभी उसके पहिए के नीचे अचानक एक पत्थर आ गया। पत्थर पर चढ़ते ही रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर जोरदार तरीके से पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि रिक्शा में सवार गजे सिंह, निवासी अलमासपुर, उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद टोल प्लाज़ा पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरे हादसे की भयावह तस्वीरें टोल प्लाज़ा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट जाती है।

इस मामले में सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा पत्थर के कारण संतुलन बिगड़ने से हुआ है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

यह हादसा सड़क सुरक्षा और लापरवाही के गंभीर सवाल खड़े करता है। छोटे से पत्थर की वजह से हुई इस बड़ी दुर्घटना ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।

Latest news
Related news