Friday, October 2, 2026

झूठे मुकदमों के डर से थाने पहुंचे ग्रामीण।


गांव में भय और तनाव का माहौल, ग्रामीणों ने सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

शामली। जनपद शामली के कांधला क्षेत्र स्थित गांव इस्लामपुर घसौली में उस समय गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई जब गांव के दर्जनों ग्रामीण एकजुट होकर थाना कांधला पहुंचे और गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति लगातार उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है, जिससे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि आरोपी व्यक्ति आए दिन गांव के लोगों को विभिन्न मामलों में झूठा फंसाने की बात कहकर मानसिक रूप से परेशान करता है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल ग्रामीणों में डर का माहौल है, बल्कि गांव की सामाजिक एकता और सौहार्द भी प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने उनके खिलाफ गोकशी जैसे गंभीर मामले में झूठी शिकायत कर पुलिस प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि बिना किसी तथ्य के लगाए जा रहे ऐसे आरोपों से गांव की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है और आम लोगों की छवि भी खराब हो रही है। ग्रामीणों का दावा है कि झूठी शिकायतों और धमकियों के कारण कई परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

थाने पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि गांव में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते मामले पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो गांव का माहौल और अधिक खराब हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष हस्तक्षेप कर ग्रामीणों को न्याय और सुरक्षा दिलाने की मांग की।

वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

Latest news
Related news