मुजफ्फरनगर में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार (02 मई 2026) को तहसील जानसठ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा खुद मौके पर मौजूद रहे और लोगों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना।
इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने जमीन विवाद, राजस्व, पुलिस कार्रवाई और अन्य प्रशासनिक समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए और तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
खास तौर पर महिला अपराध से जुड़े मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही लोगों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों को लेकर भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी शेयर करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि हर शिकायत का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित हो और जनता को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि अब लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी जानसठ, क्षेत्राधिकारी जानसठ, क्षेत्राधिकारी भोपा सहित कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सख्ती से लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब तेजी और पारदर्शिता के साथ हो सकेगा।

