Thursday, October 1, 2026

छुट्टी में भी एक्शन में मंत्री अनिल कुमार,निजी आवास पर जनदरबार, फोन पर समाधान।



खबर पश्चिमी यूपी का जनपद मुजफ्फरनगर से है।

छुट्टी के दिन भी जनसमस्याओं को लेकर सक्रियता दिखाई दी, जब अनिल कुमार, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग) एवं पुरकाजी विधायक, ने मुजफ्फरनगर स्थित अपने निजी आवास पर जनसुनवाई की। सुबह से ही पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

जनदरबार में बिजली आपूर्ति में बाधा, पेयजल संकट, सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, पेंशन प्रकरण, राशन कार्ड त्रुटियां, राजस्व विवाद और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। कई फरियादी अपने साथ आवेदन पत्र और संबंधित दस्तावेज लेकर पहुंचे।

मंत्री ने एक-एक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों से सीधे फोन पर वार्ता की। कई मामलों में तुरंत निर्देश जारी किए गए, जिससे मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू हो सकी। जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव था, उनमें तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई। अन्य मामलों में समयसीमा तय कर विभागीय अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि आम नागरिक को अपनी बुनियादी समस्याओं के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। छुट्टी के दिन भी लगातार फोन पर समन्वय कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने कहा कि निजी आवास पर सीधा संवाद होने से उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिला। कई शिकायतकर्ताओं ने बताया कि तुरंत अधिकारियों से बात होने से उन्हें राहत और भरोसा मिला है।

मुजफ्फरनगर में आयोजित यह जनसुनवाई क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय जनप्रतिनिधित्व और त्वरित समन्वय की पहल के रूप में देखी जा रही है। छुट्टी के दिन भी समाधान की कोशिश ने यह संदेश दिया कि जनहित के मुद्दों पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है।

— सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news