Thursday, October 1, 2026

चौकी के बाहर महिलाओं का तांडव, पुलिस के सामने जमकर मारपीट।





उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब पुलिस चौकी के बाहर दो पक्षों की महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामला तितावी थाना क्षेत्र के सैदपुर खुर्द गांव का है, जहां गुरुवार को सोनू और सचिन नाम के दो लोगों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर बघरा चौकी ले आई।

लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। दोनों पक्षों की महिलाएं भी चौकी पर पहुंच गईं और देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। चौकी के बाहर सड़क पर महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और जमकर मारपीट की। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हालात संभालने में जुटे रहे और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को काबू में किया।

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि पुलिस की मौजूदगी में ही महिलाएं आपस में भिड़ी हुई हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीओ फुगाना यतेंद्र नागर के अनुसार, यह विवाद एक ही मोहल्ले के लोगों के बीच पैसों को लेकर हुआ था। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को नियंत्रित बताया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Latest news
Related news