उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक बेहद डराने वाली घटना सामने आई है। यहां घास काटने गई 7 साल की मासूम बच्ची पर अचानक झाड़ियों से निकलकर तेंदुए ने हमला कर दिया। बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए घास काटने वाले खुरपे से तेंदुए का सामना किया, जिसके बाद आसपास मौजूद अन्य बच्चों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया।
जानकारी के अनुसार घटना बहराइच जिले के कोतवाली नानपारा क्षेत्र के खैरीघाट इलाके के बाजपुरवा गांव की है। गांव निवासी 7 वर्षीय आफरीन अन्य बच्चों के साथ खेत के पास घास काटने गई थी। उसी दौरान अचानक झाड़ियों में छिपा तेंदुआ बाहर निकल आया और आफरीन पर झपट पड़ा।
तेंदुए के अचानक हमले से बच्चे घबरा गए, लेकिन आफरीन ने हिम्मत नहीं हारी। उसने अपने हाथ में मौजूद घास काटने वाले खुरपे से तेंदुए पर वार किया। वहीं उसके साथ गए अन्य बच्चों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों के शोर और बच्ची के प्रतिरोध के कारण तेंदुआ आफरीन को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया।
हमले में आफरीन गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन इस तरह से बच्चे पर हमला होने से लोग बेहद भयभीत हैं। लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
फिलहाल बच्ची का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं वन विभाग की टीम भी इलाके में तेंदुए की तलाश में जुट गई है।

