गाजियाबाद में पुलिस ने एक ही रात में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग इलाकों में मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) कर दो स्नैचर्स को गोली मारकर घायल कर दिया। दोनों ही मामलों में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। हालांकि दोनों घटनाओं में एक-एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पहली मुठभेड़ थाना कौशांबी क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वांटेड बदमाश बिना नंबर की मोटरसाइकिल से इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम अब्दुल बताया, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है। उसके कब्जे से सोने के कुंडल, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
दूसरी मुठभेड़ थाना साहिबाबाद क्षेत्र में हुई। यहां भी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वांटेड बदमाश बाइक से इलाके में घूम रहा है। पुलिस चेकिंग के दौरान स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पवन बताया, जो दिल्ली का निवासी है। उसके पास से एक अवैध तमंचा और हिंडन पुल क्षेत्र से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

