Friday, October 2, 2026

गर्मी में राहत की पहल, शहरभर में लगे शेड!



मुजफ्फरनगर में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा आम राहगीरों को राहत देने के लिए पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन की पहल पर शहर के कई प्रमुख चौराहों, ड्यूटी प्वाइंटों और पुलिस चेकिंग स्थलों पर विशेष शेड लगवाए गए हैं, ताकि धूप में खड़े पुलिस जवानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

बताया गया है कि इस व्यवस्था को नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के सहयोग से तैयार कराया गया है। वर्तमान समय में जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और तेज धूप के कारण सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद पुलिस बल यातायात व्यवस्था, सुरक्षा ड्यूटी और चेकिंग अभियान में लगातार सक्रिय है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा पुलिस जवानों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह जनहितकारी पहल की गई है।

शहर के मदन स्वीट्स के सामने, महावीर चौक, रोडवेज बस स्टैंड, अहिल्याबाई चौक, एसडी मार्केट, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा, एसडी तिराहा, नॉवेल्टी चौक, प्रकाश चौक और राणा चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर शेड लगाए गए हैं। इसके अलावा बिलासपुर कट, गांधी कॉलोनी चौराहा, बच्चन सिंह पुलिया पचेण्डा रोड, विश्वकर्मा चौराहा, टिकैत चौक, अलमासपुर चौराहा और भोपा अंडरपास जैसे पुलिस चेकिंग प्वाइंटों पर भी छाया की व्यवस्था की गई है।

स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में यह व्यवस्था काफी राहत देने वाली साबित होगी। लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन और पुलिस जवानों की सुविधा का भी ध्यान रख रहा है।

पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि गर्मी के मौसम में आवश्यक सावधानियां बरतें, तेज धूप में बाहर निकलते समय पानी साथ रखें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान दें।

Latest news
Related news