Friday, October 2, 2026

गंगा में फेंका युवक का शव, हत्या से सनसनी!



मोरना। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सिताबपुरी में युवक की बेरहमी से हत्या कर शव गंगा नदी में फेंकने के आरोप से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भोपा अस्पताल में घंटों धरना-प्रदर्शन कर हंगामा किया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों के 24 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

जानकारी के अनुसार गांव सिताबपुरी निवासी आकाश चौहान बुधवार सुबह अपनी माता अन्तरेश के साथ खेत पर सिंचाई करने गया था। बताया गया कि अन्तरेश पास के दूसरे खेत में काम कर रही थीं, जबकि आकाश खेत में पानी भर रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो युवक वहां पहुंचे और रास्ते में पड़े सिंचाई पाइप को हटाने को लेकर आकाश से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने आकाश के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मृतक की माता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आकाश की हत्या कर दी गई और आरोपियों ने शव को पास बह रही गंगा नदी में फेंक दिया। घटना देखकर जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण गंभीर हालत में आकाश को भोपा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत बाजपेयी और थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की माता अन्तरेश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नेत्रपाल और उसके भाई कविशर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news