Friday, October 2, 2026

खालापार कनेक्टिविटी पर बवाल: “सुमन विहार की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने देंगे!



मुजफ्फरनगर। शहर के पॉश इलाके सिविल लाइन स्थित सुमन विहार मोहल्ले में कमला नेहरू वाटिका तक नया रास्ता खोले जाने के प्रस्ताव को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मोहल्लेवासियों ने इसे सीधे तौर पर क्षेत्र की सुरक्षा और सामाजिक शांति से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर नए रास्ते के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकुलर रोड स्थित लेखा स्वीट्स के सामने से एनसीसी रोड होते हुए जाने वाला मार्ग वर्षों से केवल कमला नेहरू वाटिका की पूर्वी दीवार तक ही समाप्त होता है। वहां से आगे कभी कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं रहा। इसके बावजूद कुछ लोग वाटिका की दीवार तोड़कर नया मार्ग निकालने का दबाव बना रहे हैं, जिससे सुमन विहार का सीधा संपर्क जीटी रोड पार स्थित खालापार क्षेत्र से हो जाएगा।

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि यदि नया रास्ता खोला गया तो बाहरी लोगों की आवाजाही अचानक बढ़ जाएगी। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी और महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों में भय का माहौल बन सकता है। लोगों ने साफ कहा कि यह केवल रास्ते का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा संवेदनशील मामला है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन को बताया कि कमला नेहरू वाटिका में आने-जाने के लिए पहले से ही जल निगम कार्यालय के सामने स्थित अधिकृत गेट मौजूद है। नगर पालिका द्वारा तय समय पर यह गेट खोला जाता है और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। ऐसे में नया रास्ता निकालने की कोई आवश्यकता नहीं है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में क्षेत्र में चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की घटनाएं सामने आने के बाद कुछ रास्तों को सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था। अब दोबारा नया मार्ग खोलना पुराने खतरे को फिर से बढ़ाने जैसा होगा।

मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की कि किसी भी दबाव में आकर कमला नेहरू वाटिका की दीवार न तोड़ी जाए और न ही नया रास्ता स्वीकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द के साथ खिलवाड़ हुआ तो लोग बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

पूर्व सैनिक एवं स्थानीय निवासी रूपम केश ने कहा कि मोहल्ले की सुरक्षा सबसे पहले है। बिना जरूरत नया रास्ता खोलना आने वाले समय में गंभीर समस्या पैदा कर सकता है।

वहीं स्थानीय महिला कविता ने कहा कि पहले से मौजूद रास्ता पर्याप्त है। नए मार्ग से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।

अब यह मामला प्रशासन के सामने संवेदनशील मुद्दे के रूप में पहुंच चुका है। नगर मजिस्ट्रेट स्तर पर शिकायत दिए जाने के बाद प्रशासनिक निर्णय पर पूरे इलाके की नजर टिकी हुई है।

Latest news
Related news