Thursday, October 1, 2026

खंभे से गिरी बिजली की तार, नोएडा में खड़ी कार बनी आग का गोला





नोएडा के सेक्टर-121 स्थित अजनारा होम्स के पास घड़ी चौखंडी इलाके में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही मिनटों में कार धू-धू कर जलने लगी और आग इतनी तेज थी कि वाहन पूरी तरह आग के गोले में बदल गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 12:15 बजे की है। एक होंडा अमेज कार बिजली के खंभे के नीचे खड़ी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक खंभे से बिजली की तार टूटकर सीधे कार पर गिर गई, जिससे तेज शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। चिंगारी इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग तुरंत हरकत में आया। चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई। टीम ने पहुंचकर तेजी से आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया।

राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई और केवल उसका ढांचा ही बचा।

यह घटना बिजली व्यवस्था की लापरवाही और खराब मेंटेनेंस पर भी सवाल खड़े करती है। अगर यह हादसा दिन में या लोगों की मौजूदगी में होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके की बिजली लाइनों की जांच और मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे खतरनाक हादसे न हों।

Latest news
Related news