नई दिल्ली: केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की गंभीर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद राजधानी में उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री को एक अज्ञात नंबर से लगातार तीन से चार बार कॉल किए गए। जब एक कॉल रिसीव किया गया, तो कॉल करने वाले ने सीधे गोली मारने की धमकी दी। इसके साथ ही आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक फोटो भी भेजा, जिसमें मंत्री के आधिकारिक दौरे का पूरा शेड्यूल मौजूद था।
मंत्री के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने बताया कि यह कॉल उस समय आया जब मंत्री संसद पहुंच चुके थे। कॉल कटने के बाद जब व्हाट्सएप पर भेजी गई तस्वीर देखी गई, तो उसमें न सिर्फ कार्यक्रम का शेड्यूल था बल्कि गोली मारने की धमकी भी लिखी हुई थी।
चौंकाने वाली बात यह है कि जो शेड्यूल केवल संबंधित जिलों के अधिकारियों तक सीमित रहता है, वह आरोपी तक कैसे पहुंचा—यह जांच का बड़ा विषय बन गया है। बताया गया है कि आरोपी के पास आगरा दौरे से जुड़ी गोपनीय जानकारी भी मौजूद थी।
शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी जांच में कॉल की लोकेशन मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल में ट्रेस की गई है। आरोपी की पहचान इस्लाइल नामक व्यक्ति के रूप में बताई जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक संवेदनशील जानकारी कैसे पहुंची और क्या इस मामले में कोई अंदरूनी लीक या साजिश शामिल है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।

