Thursday, October 1, 2026

कृषि बजट पर धर्मेंद्र मलिक की बड़ी प्रतिक्रिया, मुफ्त बिजली जारी रहने पर जताया आभार।


मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा में पेश किए गए बजट को लेकर किसानों के बीच चर्चा तेज हो गई है। कृषि क्षेत्र में बजट बढ़ाने और मुफ्त बिजली योजना जारी रखने को लेकर किसान नेता धर्मेंद्र मलिक ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे किसानों के लिए राहत भरा फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कृषि को प्राथमिकता देना सकारात्मक संकेत है, जिससे किसानों का मनोबल मजबूत होगा।

धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के किसानों ने उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है और उत्तर प्रदेश को खाद्यान्न उत्पादन में अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे समय में कृषि बजट में बढ़ोतरी किसानों के लिए उत्साहजनक कदम है। उन्होंने विशेष रूप से मुफ्त बिजली योजना जारी रखने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ती लागत के बीच यह योजना किसानों को बड़ी आर्थिक राहत देती है। सिंचाई के लिए बिजली सबसे जरूरी साधन है और इसका लाभ खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली मिलने से खेती की लागत कम होगी और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी, जो सरकार की किसान हितैषी सोच को दर्शाता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल बजट बढ़ाने से ही सभी समस्याओं का समाधान नहीं होगा। प्रदेश में कई सिंचाई परियोजनाएं अभी अधूरी हैं, जिन्हें जल्द पूरा करना जरूरी है। आज भी कई क्षेत्रों में किसान बारिश पर निर्भर हैं, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित होता है। नहरों और ट्यूबवेल परियोजनाओं को मजबूत किया जाए तो किसानों को स्थायी लाभ मिल सकता है।

धर्मेंद्र मलिक ने उन्नत और प्रमाणित बीजों की उपलब्धता पर भी जोर देते हुए कहा कि अच्छी गुणवत्ता के बीज ही बेहतर उत्पादन की नींव होते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सहकारी समितियों और कृषि केंद्रों के माध्यम से किसानों को रियायती दरों पर उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी बढ़ाने की भी मांग की, ताकि आधुनिक तकनीक से खेती को बढ़ावा मिल सके और किसान कम समय में ज्यादा उत्पादन कर सकें।

पशुपालन क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने बजट में और प्रावधान बढ़ाने की जरूरत बताई। उनका कहना है कि पशुपालन किसानों की अतिरिक्त आय का बड़ा साधन है और इसे मजबूत किए बिना किसानों की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार संभव नहीं है। दुग्ध उत्पादन, पशु चिकित्सा सुविधाएं और चारे की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

अंत में उन्होंने कहा कि कृषि बजट में वृद्धि और मुफ्त बिजली योजना का जारी रहना स्वागतयोग्य है, लेकिन किसानों की वास्तविक तरक्की के लिए सिंचाई, बीज, कृषि यंत्र और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में लगातार निवेश और ठोस योजनाएं बनानी होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में किसानों की अन्य मांगों पर भी गंभीरता से विचार करेगी।

Latest news
Related news