मुजफ्फरनगर जिले में किसानों के मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने बड़ा आंदोलनात्मक कार्यक्रम तय किया है।
भाकियू एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि 12 तारीख को चरथावल ब्लॉक पर एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा होगी।
महापंचायत में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली, पुलिस द्वारा किसानों के साथ कथित उत्पीड़न और आवारा पशुओं द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। भाकियू ने स्पष्ट किया कि किसानों पर किसी भी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, 26 जनवरी को पुरकाजी क्षेत्र में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में निकाली जाएगी, जो पुरकाजी के सूली वाले भाग से होकर गुजरेगी।
तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए भाकियू एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान पवन त्यागी, नीतू त्यागी, नदीम अहमद, समंदर राय, संजय प्रधान, रंजीत अंबेडकर, सुनील कुमार, जीशान प्रधान, कामिल नेताजी, याद इलाही, साजिद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
भाकियू नेताओं का कहना है कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

