Friday, October 2, 2026

किसानों की आवाज़ बुलंद करने का संकल्प, संजीव तोमर का जन्मदिन बना शक्ति प्रदर्शन!



जनपद मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर का 42वां जन्मदिन रविवार को रामपुर तिराहा स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। ढोल-नगाड़ों, मिठाइयों और जोरदार नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का जन्मदिन मनाकर शक्ति प्रदर्शन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए संजीव तोमर ने साफ कहा कि अब संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर गांव, कस्बे और जनपद में संगठन का विस्तार किया जाए ताकि किसानों की आवाज़ मजबूती से उठाई जा सके। उन्होंने कहा कि किसान आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है और जब तक किसानों को उनका सम्मान और हक नहीं मिलेगा, तब तक संगठन की लड़ाई जारी रहेगी।

संजीव तोमर ने देश को कृषि प्रधान बताते हुए किसानों की लगातार हो रही अनदेखी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “जय जवान-जय किसान” केवल नारा बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि किसानों को भी वही सुविधाएं मिलनी चाहिए जो देश की रक्षा करने वाले जवानों को मिलती हैं। उन्होंने सरकार के सामने कई बड़ी मांगें रखते हुए कहा कि 60 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक किसान को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाए। किसानों और उनके परिवारों के लिए निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा किसानों के बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दी जाए।

उन्होंने कहा कि जवान सीमा पर देश की रक्षा करता है, जबकि किसान खेतों में मेहनत कर देश का पेट भरता है। ऐसे में दोनों के बीच सुविधाओं को लेकर भेदभाव खत्म होना चाहिए। उनके इस बयान को कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रभारी राजबीर सिंह, पवन त्यागी, महबूब बालियान, रिहान तोमर, अंकित गुर्जर, निखिल चौधरी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला मोर्चा से रविता तोमर, शमशादी और रजनी शर्मा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

Latest news
Related news