Friday, October 2, 2026

किसान जागरूकता अभियान का ऐलान, गांव-गांव पहुंचेगी भाकियू तोमर।





मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए देशव्यापी “किसान जागरूक अभियान” शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने इस अभियान को किसानों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं।

चौधरी संजीव तोमर ने प्रदेश अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब केवल बैठकों और घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय सीधे किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला अध्यक्ष को अपने क्षेत्र के गांवों और कस्बों में नियमित चौपाल लगानी होगी, जहां किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

अभियान के दौरान खाद और बीज की उपलब्धता, बिजली संकट, फसलों का बकाया भुगतान, सिंचाई व्यवस्था और अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन इन मुद्दों को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष मजबूती से रखने की रणनीति तैयार करेगा ताकि किसानों को राहत मिल सके।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिया है कि अभियान के तहत प्रत्येक गांव में संगठन की नई इकाइयों का गठन किया जाए और अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ा जाए। उनका मानना है कि जब तक किसान संगठित और जागरूक नहीं होंगे, तब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

चौधरी संजीव तोमर ने साफ शब्दों में कहा कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर काम करना होगा और किसानों के हितों की लड़ाई को और मजबूत बनाना होगा।

भाकियू (तोमर) का यह अभियान आने वाले दिनों में किसानों के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। संगठन का दावा है कि इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक किसानों को उनके अधिकारों, योजनाओं और कानूनी संरक्षण की जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिससे वे अपने हकों के लिए अधिक मजबूती से आवाज उठा सकें।

Latest news
Related news