मुज़फ्फरनगर जनपद के ग्राम कूकड़ा में विकसित भारत – “जी राम जी” जनजागरण अभियान के तहत आयोजित कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल में अरुण सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति झूठ, भ्रम और तुष्टिकरण की उपज है, जबकि भाजपा ने गांव, किसान और मजदूर को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकास का भागीदार बनाया है।
अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने अपने शासनकाल में गांवों को बदहाली, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के हवाले किया। आज वे विकास पर सवाल इसलिए उठा रहे हैं क्योंकि उनके पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है। भाजपा के कार्यों से घबराकर वे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जी राम जी” योजना उन सभी आरोपों का करारा जवाब है जो भाजपा को गरीब-मजदूर विरोधी बताते हैं।
कार्यक्रम से पूर्व नगर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अरुण सिंह का भव्य स्वागत किया। उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठाकर गांव में भ्रमण कराया गया, जो इस बात का प्रतीक रहा कि भाजपा की राजनीति अब सत्ता तक सीमित नहीं, बल्कि गांव-गांव तक पहुंच रही है।
सभा को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि “जी राम जी” योजना गांवों के कायाकल्प की ऐतिहासिक पहल है। इसके तहत गांवों में कागज़ी नहीं, बल्कि ज़मीनी विकास होगा—दुकानें, सार्वजनिक भवन, बारात घर, नालियां, स्ट्रीट लाइट और मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा। मजदूरों को अधिक दिनों का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा और किसानों को कृषि से जुड़े कार्यों का सीधा लाभ मिलेगा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से भ्रष्टाचार और बिचौलियों पर लगाम लगेगी। यदि किसी कारण भुगतान में देरी होती है तो मजदूर को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा, जो भाजपा सरकार की जवाबदेही को दर्शाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना किसी पर एहसान नहीं, बल्कि मेहनतकश किसान और मजदूर का अधिकार है। भाजपा की सोच है कि देश का विकास तभी संभव है जब गांव मजबूत होंगे और गांव तभी मजबूत होंगे जब वहां का किसान-मजदूर सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनेगा।
इसके बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का सबसे प्रभावी माध्यम “जी राम जी” योजना है, जो आने वाले समय में ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल देगी। वहीं जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और उन दलों को दोबारा मौका नहीं देगी जिन्होंने वर्षों तक केवल भाषण दिए।
कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प और “जी राम जी” योजना को हर गांव तक पहुंचाने के दृढ़ निश्चय के साथ हुआ।
इस मौके पर पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग, पूर्व विधायक अशोक कंसल, उमेश मलिक, गौरव स्वरूप, जितेंद्र कुशल, मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

