Friday, October 2, 2026

कबीर जयंती पर छुट्टी की मांग तेज, सीएम योगी को भेजा गया ज्ञापन।




मुजफ्फरनगर। संत शिरोमणि कबीर साहेब की जयंती पर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। जनपद के सामाजिक संगठन ‘वीरांगना झलकारी बाई कोरी एकता मंच’ ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के माध्यम से भेजकर तत्काल निर्णय लेने की अपील की है।

संगठन के जिलाध्यक्ष सदनपाल कोरी, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार कोरी तथा महामंत्री एडवोकेट मोहित कुमार कोरी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि आगामी 29 जून 2026 को संत कबीर साहेब का प्रकटोत्सव पूरे देश में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में कबीरपंथी समाज इस दिन को अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक पर्व के रूप में मनाता है।

ज्ञापन में कहा गया है कि संत कबीर साहेब केवल एक संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के सबसे बड़े संदेशवाहकों में से एक रहे हैं। उनके विचार आज भी समाज को जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे महान संत की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाना समाज की भावनाओं का सम्मान होगा।

संगठन ने अपने मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले से ही संत रविदास जयंती, गुरु नानक देव जयंती तथा भगवान परशुराम जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करती है। ऐसे में संत कबीर साहेब, जिनका जन्म स्थल काशी और समाधि स्थल मगहर दोनों ही उत्तर प्रदेश में स्थित हैं, उनकी जयंती पर अवकाश न होना करोड़ों अनुयायियों की भावनाओं को आहत करता है।

पदाधिकारियों ने कहा कि हर वर्ष कबीर जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विशाल सत्संग, शोभायात्राएं, भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यदि इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है तो बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन कार्यक्रमों में शामिल होकर संत कबीर साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचा सकेंगे।

वीरांगना झलकारी बाई कोरी एकता मंच के महामंत्री एडवोकेट मोहित कुमार कोरी ने कहा कि यह मांग कोई नई नहीं है, बल्कि वर्षों से विभिन्न सामाजिक संगठनों, कबीर मठों और कबीरपंथी समाज द्वारा उठाई जाती रही है। अब समय आ गया है कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक निर्णय ले।

संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया है कि संत कबीर साहेब के अनुयायियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए 29 जून 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल कबीरपंथी समाज को सम्मान मिलेगा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और संत परंपरा को भी मजबूती मिलेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान श्यामवीर सिंह रामपुरी, मनोज कुमार, कृष्णपाल कोरी, कुणाल कोरी, मयंक कोरी, वेद प्रकाश, धर्मेंद्र कोरी, पवन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि संत कबीर साहेब के योगदान को देखते हुए उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए।

संगठन को उम्मीद है कि प्रदेश सरकार इस महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही उचित आदेश जारी करेगी, जिससे प्रदेशभर के लाखों श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ सके।

Latest news
Related news