Thursday, October 1, 2026

एक करोड़ के आरोग्य पथ पर पत्थरबाजी, जांच शुरू।




जनपद मुजफ्फरनगर में नगर के सौंदर्यीकरण के लिए बनाए गए महर्षि सुखदेव आरोग्य पथ पर पत्थरबाजी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ शरारती बच्चे मेरठ रोड पर जिलाधिकारी आवास के सामने बने इस आरोग्य पथ पर पत्थरबाजी करते और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि विकास प्राधिकरण द्वारा मेरठ रोड स्थित जिलाधिकारी आवास के सामने लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से महर्षि सुखदेव आरोग्य पथ का निर्माण कराया गया है। इस पथ को शहर के लोगों के स्वास्थ्य और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया था। यहां पर मॉर्निंग वॉक और एक्सरसाइज के लिए विशेष व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों के लिए किड्स जोन भी बनाया गया है। पूरे क्षेत्र का सुंदरीकरण कर इसे शहर के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है।

इस आरोग्य पथ का कुछ समय पहले ही प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा उद्घाटन किया गया था। लेकिन अब वायरल वीडियो में कुछ कम उम्र के बच्चे इस स्थान पर पत्थरबाजी करते और वहां लगे ढांचे को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो कब का है और इसमें शामिल बच्चे कौन हैं।

इस पूरे मामले पर एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया है, जो 11 मार्च की रात का बताया जा रहा है। वीडियो में जिलाधिकारी आवास के सामने बने आरोग्य पथ पर कुछ कम उम्र के बच्चे तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी तरह की मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल बच्चों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं शहर में बने इस महत्वपूर्ण आरोग्य पथ पर हुई पत्थरबाजी की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है, क्योंकि शहर के सौंदर्यीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बनाए गए इस स्थान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news