Thursday, October 1, 2026

उधार के पैसे बने मौत की वजह: मां और तीन बेटों को फांसी, 7 साल बाद मिला इंसाफ।



खबर पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।


मुजफ्फरनगर से सामने आई यह खबर सिर्फ एक अपराध की कहानी नहीं, बल्कि इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक सच्चाई है… जहां महज उधार के पैसों के विवाद ने एक युवक की जान ले ली, और अब 7 साल बाद उसी मामले में अदालत ने ऐसा फैसला सुनाया है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

तारीख थी 17 जून 2019… भौराकला थाना क्षेत्र का एक गांव…
शेखर नाम का युवक अपने ही जान-पहचान के लोगों के पास गया था। वजह थी—अपने उधार दिए हुए पैसे वापस मांगना। लेकिन उसे क्या पता था कि यह मांग उसकी जिंदगी की आखिरी मांग साबित होगी।

बताया जाता है कि जैसे ही शेखर ने पैसे की बात की, माहौल अचानक गरमा गया। कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही पलों में गाली-गलौज और फिर हिंसा में बदल गई। सामने थे प्रदीप, संदीप और सोनू… और उनके साथ उनकी मां मुकेश भी मौजूद थीं।

गुस्से में बेकाबू इस परिवार ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं।
शेखर को जबरन पकड़ लिया गया… और फिर लाठी-डंडों और ईंटों से उस पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया गया। वार इतने बेरहमी से किए गए कि शेखर के सिर पर गंभीर चोटें आईं… खून से लथपथ शेखर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

एक छोटी सी रकम का विवाद, एक जिंदगी को खत्म कर चुका था… और एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ गया।

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने तुरंत भौराकला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और प्रदीप, संदीप, सोनू, उनकी मां मुकेश और पिता राजकुमार के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 148, 149, 336 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इसके बाद शुरू हुआ 7 साल लंबा न्याय का इंतजार…
कोर्ट में एक-एक साक्ष्य पेश हुआ, गवाहों ने बयान दिए, और सबसे अहम गवाही रही मृतक शेखर के भाई राहुल कुमार की, जिसने पूरे घटनाक्रम को मजबूती से अदालत के सामने रखा।

अभियोजन पक्ष ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लड़ा। हर सबूत, हर गवाही ने यह साबित किया कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि क्रूरता और सामूहिक हमले का नतीजा थी।

आखिरकार मंगलवार को मुजफ्फरनगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाया।
कोर्ट ने प्रदीप, संदीप, सोनू और उनकी मां मुकेश को दोषी करार देते हुए चारों को मृत्युदंड की सजा सुनाई। इसके साथ ही प्रत्येक आरोपी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

इस मामले में एक और अहम पहलू यह रहा कि आरोपी पिता राजकुमार की पहले ही जेल में बंद रहते हुए मौत हो चुकी है, जिससे अब चार दोषियों को ही सजा सुनाई गई है।

एडीजीसी कुलदीप कुमार ने बताया कि यह एक जघन्य अपराध था, जिसमें केवल पैसों के विवाद को लेकर एक युवक को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी जान चली गई। वहीं, एसएसपी मुजफ्फरनगर ने कहा कि पुलिस ने इस केस में पूरी मजबूती के साथ जांच की और हर जरूरी साक्ष्य कोर्ट के सामने पेश किए, जिसके चलते दोषियों को सख्त सजा मिल सकी।

यह फैसला सिर्फ एक कानूनी कार्रवाई नहीं, बल्कि समाज के लिए एक कड़ा संदेश है—
कि कानून से ऊपर कोई नहीं है…
और अगर कोई इंसानियत की हदें पार करेगा, तो उसे उसकी सबसे बड़ी सजा जरूर मिलेगी।

मुजफ्फरनगर की यह घटना आज हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रही है कि क्या पैसों के लिए किसी की जान लेना जायज है?
और जवाब साफ है—नहीं… कभी नहीं।


जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news