Thursday, October 1, 2026

ईरान में मुजफ्फरनगर का जीशान लापता!



ईरान में मुजफ्फरनगर का जीशान लापता, इकलौते बेटे की तलाश में मां की आंखें नम।


ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालातों ने मुजफ्फरनगर के एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव विज्ञाना का रहने वाला युवक जीशान पिछले कई दिनों से ईरान में लापता बताया जा रहा है। बेटे से संपर्क टूटने के बाद परिवार गहरे सदमे में है और उसकी सलामती की दुआ कर रहा है।

परिजनों के अनुसार जीशान परिवार का इकलौता बेटा और घर का मुख्य सहारा है। वह रोजी-रोटी कमाने के लिए बीते 16 दिसंबर को वेल्डिंग का काम करने ईरान गया था। शुरुआत में वह अपने परिवार के संपर्क में था और घर वालों से लगातार बातचीत होती रहती थी।

लेकिन हाल ही में ईरान में अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद हालात बिगड़ने लगे। परिवार का कहना है कि युद्ध शुरू होने से करीब 10 से 15 दिन पहले उनकी जीशान से आखिरी बार बात हुई थी। उस समय उसने बताया था कि सब कुछ ठीक है और वह काम कर रहा है। इसके बाद अचानक उसका फोन बंद हो गया और उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

जीशान की मां साजिदा का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा ही परिवार का इकलौता सहारा है। उन्होंने भावुक होकर कहा,
“मेरा तो उसके सिवा कोई और बेटा नहीं है। अगर वह वहां ठीक है और काम चल रहा है तो कोई बात नहीं, लेकिन अगर उसे कोई परेशानी है तो मेरा बच्चा सुरक्षित घर लौट आए।”

परिवार के अन्य सदस्य मुस्तफा ने बताया कि करीब सात दिन पहले भी जीशान से संपर्क करने की कोशिश की गई थी, लेकिन फोन नहीं लगा। लगातार प्रयास करने के बावजूद अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। इस कारण पूरा परिवार बेहद परेशान है और उसके सुरक्षित होने की खबर का इंतजार कर रहा है।

बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में मुजफ्फरनगर जनपद के हजारों युवक रोजगार के लिए काम कर रहे हैं। ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और हमलों के कारण वहां मौजूद लोगों के परिवारों में चिंता बढ़ गई है।

स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने भी कदम उठाए हैं। प्रशासन की ओर से जिला कलेक्ट्रेट में एक इमरजेंसी कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, ताकि विदेशों में फंसे लोगों की जानकारी जुटाई जा सके और उनके परिवारों की मदद की जा सके।

इधर गांव विज्ञाना में जीशान के घर पर लगातार रिश्तेदार और ग्रामीण पहुंच रहे हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। मां की आंखें बेटे की एक खबर के इंतजार में दरवाजे पर टिकी हैं, जबकि पूरा परिवार ऊपर वाले से उसकी सलामती की दुआ कर रहा है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news