मुजफ्फरनगर:
जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद मेधावी छात्रों की उपलब्धियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में नगर के सुभाषनगर निवासी मौहम्मद साबिर अहमद की पुत्री राबिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में टॉप करने वालों की सूची में 7वीं रैंक हासिल की है। राबिया ने शिक्षा सदन इंटर कॉलेज से परीक्षा देते हुए 88.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जिससे न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
राबिया की इस सफलता पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। वरिष्ठ सपा नेता एवं जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन और सपा अल्पसंख्यक सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. इसरार अल्वी ने राबिया को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने राबिया के पिता साबिर अहमद, माता हुस्नों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बधाई दी।
नेताओं ने कहा कि राबिया की मेहनत और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राबिया आगे भी इसी तरह सफलता हासिल कर जिले और देश का नाम रोशन करेंगी।
राबिया की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने भी मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और राबिया को बधाई दी।

