Thursday, October 1, 2026

इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों पर हमला, गंभीर आरोप।



कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां कॉलेज के कुछ शिक्षकों पर छात्रों के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे आहत छात्रों ने कॉलेज परिसर में हंगामा किया।

छात्रों का आरोप है कि चंद मिनट की देरी से कॉलेज पहुंचने पर शिक्षकों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें कई छात्र और छात्राएं घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। छात्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि कॉलेज प्रशासन और कुछ शिक्षक आए दिन मनमानी करते हैं और विरोध करने पर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट की जाती है।

आरोप है कि घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को डराने-धमकाने की कोशिश की। छात्रों के अनुसार उन्हें कहा गया कि “चार साल का कोर्स आठ साल में पूरा करोगे” और परीक्षा में इंटरनल मार्क्स कम करने की धमकी भी दी गई। इससे छात्रों में भय और आक्रोश दोनों है।

छात्रों का यह भी कहना है कि कॉलेज में अनुशासन के नाम पर शारीरिक हिंसा की जा रही है, जो न केवल गैरकानूनी है बल्कि शिक्षा के मूल उद्देश्य के भी खिलाफ है। छात्र-छात्राओं ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषी शिक्षकों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मामला बिठूर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। छात्र अपनी बात रखने के लिए प्रशासन और पुलिस के समक्ष बयान देने की तैयारी में हैं।

यह मामला शिक्षा संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा और अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण को कितनी गंभीरता से लेता है और पीड़ित छात्रों को कब न्याय मिलता है।

Latest news
Related news