Friday, October 2, 2026

अवैध हथियारों के सौदागरों पर बड़ा वार।



खबर उत्तर प्रदेश का जनपद मेरठ से है।

मेरठ के थाना मुण्डाली पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, नकदी और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय अवैध शस्त्र तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी किठौर के नेतृत्व में थाना मुण्डाली पुलिस लगातार सक्रिय अभियान चला रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार मिश्रा की टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे गिरोह को दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदाकत, निखिल उर्फ साहिल, अभिषेक उर्फ गुड्डू, निशान्त, पीयूष, निशान्त उर्फ कप्तान उर्फ सिवान और अनमोल त्यागी उर्फ यश त्यागी के रूप में हुई है। आरोपियों में कुछ मेरठ तो कुछ हापुड़ जनपद के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच में जुट गई है।

बरामदगी में एक अवैध पिस्टल .32 बोर मय दो जिंदा कारतूस, छह अवैध तमंचे .315 बोर मय छह जिंदा कारतूस, आठ खोखा कारतूस, 12 हजार 200 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में हथियारों की बरामदगी ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि आरोपी क्षेत्र में अपराधियों को हथियार सप्लाई करने का काम करते थे।

थाना मुण्डाली पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को इलाके में अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है। थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पिछले कुछ समय से थाना मुण्डाली पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई से पुलिस की कार्यशैली की चर्चा भी तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना मुण्डाली पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मुण्डाली में मुकदमा अपराध संख्या 125/26 धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट और 111 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह जादौन, शिवदत्त मिश्रा, वेदप्रकाश, संजय राठौर, रामप्रताप सिंह, अनिल कुमार, अर्पित गौतम, पूरनलाल सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और सक्रियता की सराहना की है।

जनपद मेरठ से संवाददाता दीपक वर्मा की रिपोर्ट।

Latest news
Related news