अवैध पूल बना मौत का कुंड, 12 साल के आकिल की डूबकर मौत
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रविवार को एक निजी स्विमिंग पूल में डूबने से 12 साल के किशोर आकिल की मौत हो गई। घटना पिल्लोखड़ी पुल के पास स्थित एक अवैध रूप से चल रहे स्विमिंग पूल की बताई जा रही है, जहां सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं थे।
जानकारी के मुताबिक, तारापुरी की आरा मशीन वाली गली निवासी युसूफ उर्फ लाल का बेटा आकिल अचानक घर से निकलकर स्विमिंग पूल के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वह किसी तरह पूल में गिर गया और काफी देर तक किसी को इसका पता ही नहीं चला। जब तक उसे देखा गया, तब तक वह पानी में डूब चुका था।
स्विमिंग पूल संचालक वसीम ने जब पूल के अंदर जाकर देखा तो बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला। यह नजारा देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकालकर हापुड़ रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्विमिंग पूल बिना अनुमति के चल रहा था या नहीं और वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।
मृतक आकिल के पिता युसूफ मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं, जो हाल ही में परिवार के साथ मेरठ में आकर बसे थे। परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें आकिल दूसरे नंबर पर था। बताया जा रहा है कि आकिल मानसिक रूप से दिव्यांग था और बिना बताए घर से निकल गया था।
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गुस्सा है और अवैध रूप से चल रहे स्विमिंग पूल पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
मृतक किशोर की रिश्तेदार – “हमें नहीं पता था कि वहां कोई सुरक्षा नहीं है, बच्चा कैसे अंदर चला गया, ये बहुत बड़ी लापरवाही है।”
युसूफ (पिता) – “मेरा बेटा बिना बताए घर से निकल गया था… हमें नहीं लगा था कि ऐसा हो जाएगा… अगर सुरक्षा होती तो मेरा बच्चा बच सकता था।”

