पुरकाजी में सख्त पुलिसिंग की तैयारी, मानवेंद्र भाटी को मिली कमान।
मुजफ्फरनगर:
जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने एक अहम फैसला लेते हुए पुरकाजी थाने की कमान तेजतर्रार अधिकारी मानवेंद्र भाटी को सौंप दी है। यह नियुक्ति ऐसे समय पर की गई है जब क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों में सख्त निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही थी।
मानवेंद्र भाटी इससे पहले तितावी और भौराकला थानों में थानाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और सख्त पुलिसिंग से खास पहचान बनाई। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने कई शातिर और इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, साथ ही नशे के कारोबार पर भी प्रभावी कार्रवाई की।
उनकी पहचान एक ऐसे पुलिस अधिकारी के रूप में है जो अपराधियों के लिए सख्त और पीड़ितों के लिए सहारा बनकर सामने आते हैं। पुलिस महकमे के साथ-साथ आम जनता में भी उनकी छवि एक ईमानदार और कर्मठ अधिकारी की रही है। जहां भी उनकी तैनाती रही, वहां उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ जनता का विश्वास जीतने का काम किया।
पुरकाजी थाना क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से बड़ा और कई गांवों के कारण संवेदनशील माना जाता है। यहां अपराधी अक्सर नए तरीके अपनाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में मानवेंद्र भाटी की नियुक्ति को एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
मानवेंद्र भाटी का साफ कहना है कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ही मजबूत कानून व्यवस्था की नींव होता है। उनका मानना है कि आम लोगों से मिलने वाली छोटी-छोटी सूचनाएं भी कई बार बड़े अपराधों को रोकने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसलिए वे जनता के साथ विश्वास का रिश्ता बनाकर काम करने पर जोर देंगे।
अब पुरकाजी में उनकी तैनाती से उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण होगा और कानून व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

