Thursday, October 1, 2026

ISI के लिए जासूसी का आरोप, आगरा का युवक गिरफ्तार।

आगरा। उत्तर प्रदेश एटीएस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के एक युवक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आगरा के कागारौल क्षेत्र के चीत गांव निवासी आदर्श कुमार उर्फ लकी, पुत्र बलवीर सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार आदर्श कुमार भारतीय नौसेना में लांस नायक के पद पर तैनात था और उसकी पोस्टिंग केरल में बताई जा रही है। एटीएस की जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंसी के संपर्क में था और कथित रूप से देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील और रणनीतिक महत्व की जानकारियां साझा कर रहा था।

एटीएस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच के दौरान सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण में यह संकेत मिले कि आरोपी विदेश से संचालित एजेंटों के साथ लगातार संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया है कि जानकारी साझा करने के बदले आरोपी को पैसे मिलने के भी साक्ष्य मिले हैं।

एजेंसियों का मानना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी गहन जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी कब से इस नेटवर्क से जुड़ा था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

एटीएस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 10 मार्च को अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फिलहाल एजेंसियां आरोपी से जुड़े डिजिटल और वित्तीय लेनदेन की भी गहन जांच कर रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि देश की सुरक्षा से जुड़े किसी भी प्रकार के समझौते को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news