Thursday, October 1, 2026

Grindr के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल और लूट, नोएडा में गैंग का पर्दाफाश।

नोएडा में एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन डेटिंग ऐप Grindr के जरिए लोगों को फंसाकर ठगी, ब्लैकमेलिंग और लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गैंग के चार आरोपियों को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी Grindr ऐप के माध्यम से युवकों से दोस्ती करते थे। पहले वे मीठी-मीठी बातों और भरोसे का माहौल बनाकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद मिलने के बहाने उन्हें पीजी या किसी कमरे में बुलाया जाता था।

मुलाकात के दौरान आरोपी पीड़ित को आपत्तिजनक स्थिति में ले आते थे और चुपके से उसका अश्लील वीडियो बना लेते थे। फिर उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे और कीमती सामान वसूलते थे। कई मामलों में आरोपियों ने डराकर ज्वेलरी और नकदी भी लूट ली।

इस गैंग की सबसे बड़ी चाल यह थी कि वे पीड़ितों के सामाजिक डर और बदनामी के भय का फायदा उठाते थे। इसी वजह से ज्यादातर पीड़ित शिकायत करने से बचते रहे और आरोपी लंबे समय तक बचते रहे।

हालांकि, एक पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद थाना सेक्टर-126 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से करीब 15 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और डायमंड नग बरामद किया है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से मिलने से पहले सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या अपराध की स्थिति में बिना डर के तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Latest news
Related news