Friday, October 2, 2026

शामली में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, मालिक झुलसा।

शामली।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी स्थित कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में गोदाम का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लापरवाही के चलते लगी। बताया जा रहा है कि गोदाम मालिक ने ठंड से बचने के लिए आग जलाई थी, लेकिन आग को जलता छोड़कर नमाज पढ़ने चला गया। इसी दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कबाड़ में फैल गई।

आग फैलती देख गोदाम मालिक ने उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा कबाड़ जलकर राख हो गया। घटना में हजारों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो आग आसपास के इलाकों में भी फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Latest news
Related news