Wednesday, October 7, 2026

कोटा दौरे पर भाजपा का बड़ा हमला, राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप।



कोटा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के दादाबाड़ी मंडल के नेता एवं सदस्य जैफ खां मंसूरी ने दावा किया कि राहुल गांधी का कोटा दौरा पूरी तरह असफल रहा और भीड़ जुटाने के लिए बच्चों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह शिक्षा नगरी कोटा की छवि खराब करने की एक सोची-समझी राजनीतिक कोशिश है, जिसे शहर की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

जैफ खां मंसूरी ने कहा कि देशभर में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है। इसी कारण कांग्रेस के नेता हताशा में अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ दिए गए बयानों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति और मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ओम बिरला कोटा-बूंदी की शान हैं और उनके सम्मान पर हमला पूरे क्षेत्र का अपमान है।

भाजपा नेता ने प्रदेश में पेपर लीक के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हुआ। उनके अनुसार कांग्रेस शासन के दौरान 19 बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन उस समय मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

मंसूरी ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद पेपर लीक मामलों की गंभीर जांच कराई गई और अब तक 400 से अधिक आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में एक भी पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई और सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा रही हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं और बच्चों को राजनीति का माध्यम बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा की पहचान रखने वाले कोटा को राजनीतिक लाभ के लिए बदनाम करने का प्रयास बंद होना चाहिए। उनका कहना था कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के ऐसे आरोपों और राजनीतिक प्रपंच को समझ चुकी है और उसे लगातार नकार रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और मजबूत कानून व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

Latest news
Related news