—
मुज़फ्फरनगर (Muzaffarnagar)। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी स्थित मां शाकुम्भरी कम्युनिकेशन बिल्डिंग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 1st और 2nd फ्लोर पर लगी एक मोबाइल एसेसरीज दुकान में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर (AC) के पाइप का फटना बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक AC पाइप फटते ही उसमें से चिंगारी और आग जैसी स्थिति बनी, जिसने कुछ ही मिनटों में दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे फ्लोर में धुआं फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार मौके पर दो दमकल गाड़ियां लगाई गई थीं, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने जानकारी देते हुए कहा:
“घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। मोबाइल के रैपर और एसेसरीज का नुकसान हुआ है। फायर टेंडरों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।”
दुकान के मालिक प्रदीप कुमार ने घटना का विवरण देते हुए बताया:
“हमारी मोबाइल एसेसरीज की दुकान है। AC के पाइप से अचानक आग निकलती हुई दिखाई दी। जब तक हम समझ पाते, आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया। हमने फायर सेफ्टी सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर थी कि हम अंदर नहीं जा पाए।”
उन्होंने आगे बताया कि दुकान में भारी मात्रा में मोबाइल एसेसरीज, पैकिंग मटेरियल और अन्य सामान मौजूद था, जिससे नुकसान का आकलन अभी तक पूरी तरह नहीं हो पाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर स्थिति की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

