Friday, October 2, 2026


स्वास्थ्य मेलों पर सीएमओ का सख्त निरीक्षण, लापरवाही पर साफ संदेश।



मुजफ्फरनगर, 14 जून। जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बेहतर इलाज, पर्याप्त दवाएं, साफ-सफाई और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।

सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजलहेड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरी का निरीक्षण कर वहां चल रही व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मरीजों के इलाज की व्यवस्था, दवा वितरण, जांच सेवाओं, स्वास्थ्य केंद्रों की स्वच्छता तथा अभिलेखों की जांच की और अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाई जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, मरीजों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा साफ-सफाई की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक पहुंचे, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सीएमओ के सख्त निरीक्षण और स्पष्ट निर्देशों से स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का संदेश गया है।

Latest news
Related news