Friday, October 2, 2026

हादसों का अड्डा बना मदीना चौक मार्ग!
एक डिवाइडर, दर्जनों हादसे!




डिवाइडर बना हादसों का कारण, 20 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त।

मुजफ्फरनगर। शहर के मदीना चौक से बाझेड़ी मार्ग पर एशिया पब्लिक स्कूल के सामने बना डिवाइडर अब लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क पर बनाए गए इस डिवाइडर की बनावट और इसकी स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हालात यह हैं कि अब तक 20 से अधिक वाहन डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जान का खतरा भी उठाना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार यह डिवाइडर दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिसके चलते कई बार वाहन चालक अचानक इसके संपर्क में आ जाते हैं। खासकर रात के समय और तेज गति से आने वाले वाहनों के लिए यह डिवाइडर दुर्घटना का कारण बन रहा है। कई वाहन डिवाइडर पर चढ़ जाते हैं, जबकि कई सीधे टकराकर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग होने के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के दौरान भी अत्यंत व्यस्त रहता है। सावन के दिनों में हजारों श्रद्धालु और बड़ी संख्या में वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा और जानलेवा हादसा होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई दुर्घटनाएं होने के बावजूद अभी तक संबंधित विभाग या प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि डिवाइडर पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक, फ्लैश लाइट अथवा अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तो दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थल का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही डिवाइडर की डिजाइन, ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके और किसी संभावित बड़े हादसे से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब यह केवल यातायात व्यवस्था का मामला नहीं रह गया है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है, जिस पर प्रशासन को तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news