सहारनपुर। जनपद सहारनपुर में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जनकपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को हिमांशु पुत्र विजयपाल निवासी हिम्मतनगर नाजिरपुरा, थाना सदर बाजार, सहारनपुर ने थाना जनकपुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी दुकान के बाहर खड़ी एक ग्राहक की मोटरसाइकिल (UP11CU 4795, टीवीएस स्पोर्ट) को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले में थाना जनकपुरी पर मुकदमा संख्या 143/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी जनकपुरी नेमचंद सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र नाथीराम निवासी इस्लाम नगर, थाना रामपुर मनिहारान (हाल निवासी बेरीबाग, थाना जनकपुरी) तथा वंश पुत्र बीरपाल निवासी बेरीबाग, थाना जनकपुरी, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके अलावा एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

