Friday, October 2, 2026

क्या अब बदलेगी वार्ड नंबर 15 की तस्वीर? टूटी सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत की उम्मीद।



मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के वार्ड नंबर 15 में विकास कार्यों को लेकर एक नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से क्षेत्र की अधिकांश सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद वार्ड के कई हिस्सों में अब तक अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बुधवार को वार्ड नंबर 15 में सभासद प्रतिनिधि प्रमोद कुमार ने नगर पालिका परिषद के जूनियर इंजीनियर (जेई) के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया और विभिन्न सड़कों की पैमाइश कराई। इस दौरान जाकिर कॉलोनी की अधिकांश सड़कों तथा एकता विहार क्षेत्र की सड़कों को नपवाया गया। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों से टूटी हुई सड़कों, जलभराव और जल निकासी की समस्याओं के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

सभासद प्रतिनिधि प्रमोद कुमार ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सड़कें और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सड़कों की पैमाइश शुरू होने के बाद वार्ड के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे और वार्ड नंबर 15 की तस्वीर बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news