मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना छपार क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित एक होटल पर कथित तौर पर हमला कर तोड़फोड़, गाली-गलौज और आगजनी किए जाने के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए 15 से 20 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व 15 से 20 युवक अचानक होटल परिसर में पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने होटल कर्मचारियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा होटल परिसर में तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। घटना के दौरान होटल परिसर में लगे होर्डिंग भी फाड़ दिए गए और उनमें आग लगा दी गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना छपार पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशीष शर्मा निवासी काशीराम कॉलोनी, बुढ़ाना मोड़, हेमंत शर्मा निवासी मेदपुर थाना छपार तथा अभिषेक शर्मा निवासी आनंदीपुरा थाना सिविल लाइन के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य युवकों की भी पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उधर, होटल मालिक नरेश कुमार ने बताया कि उनकी जमीन पर विशाल बद्रीनाथ नाम से कन्फेक्शनरी स्टोर संचालित होता है, जबकि उसके बराबर में किंग चिकन पॉइंट नाम से नॉनवेज होटल चल रहा है। उनका आरोप है कि घटना के दौरान आए युवकों ने होर्डिंग फाड़ दिए और उनमें आग लगा दी, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

