Tuesday, September 8, 2026

आरक्षी भर्ती परीक्षा पर प्रशासन की सख्त नजर, नकल कराने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।




मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

जनपद में 8, 9 और 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित हो रही आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सेक्टर एवं जोनल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से की जा रही निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुसार जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि आरक्षी भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है तथा नकल माफियाओं और परीक्षा में व्यवधान पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

Latest news
Related news