Friday, October 2, 2026

SSP का सख्त संदेश: अपराधियों पर कसा जाएगा शिकंजा।



मुजफ्फरनगर। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने देर रात रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की। बैठक में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्त करने, महिला सुरक्षा अभियान को तेज करने और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, एलआईयू और एसओजी के अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई गोष्ठी में SSP ने जिले के टॉप-10 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों, शराब तस्करों, खनन माफिया, पशु तस्करों और शस्त्र तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

SSP ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला पुलिसकर्मियों और बीट पुलिस को स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। महिलाओं और छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा सेवाओं की जानकारी देने पर भी बल दिया गया।

SSP ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों पर आने वाले फरियादियों और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक और शालीन व्यवहार किया जाए। थानों में स्वच्छ वातावरण, बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि आम जनता बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सके। उन्होंने शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। विशेष रूप से एससी-एसटी एक्ट, महिला अपराध और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला अपराधों और पॉक्सो मामलों में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी करने को कहा गया।

SSP ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, हिस्ट्रीशीटर सत्यापन, शराब और गौतस्करों के सत्यापन तथा ऑपरेशन सवेरा जैसे अभियानों को गंभीरता से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में भ्रष्टाचार को लेकर भी कड़ा संदेश दिया गया। SSP ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अपराध गोष्ठी के बाद SSP संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने तथा कानून व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिले की कानून व्यवस्था को लेकर हुई इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अपराधियों के खिलाफ अब और अधिक सख्त कार्रवाई होगी, जबकि आम जनता की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Latest news
Related news