पुरकाजी। नगर पंचायत पुरकाजी ने कस्बे की जनता को बड़ी सौगात देते हुए खेड़ा दरवाजा से हाईवे बाईपास तक लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्विस लेन सड़क का लोकार्पण कर दिया। इस सड़क के निर्माण से वर्षों से चली आ रही स्थानीय लोगों की परेशानी का समाधान हो गया है। शनिवार को नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारुकी ने फीता काटकर सड़क का उद्घाटन किया।
बताया गया कि खेड़ा दरवाजा से हाईवे बाईपास तक का यह मार्ग लंबे समय से कच्चा पड़ा हुआ था। इसी मार्ग पर पुरकाजी की दो मंजिला सरकारी गौशाला भी स्थित है, जिसके कारण गौशाला तक चारा, भूसा एवं अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। साथ ही कस्बे के सैकड़ों लोगों को भी इस कच्चे और जर्जर रास्ते से होकर गुजरना पड़ता था, जिससे बरसात और अन्य मौसमों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी।
चेयरमैन जहीर फारुकी ने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए वह पिछले कार्यकाल से लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने स्वयं तथा जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों से लगातार पत्राचार किया। आवश्यक अनुमति (एनओसी) मिलने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ।
उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति की बैठक में इस सड़क का प्रस्ताव रखा गया था। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए धन से करीब 50 लाख रुपये की लागत से सर्विस लेन सड़क का निर्माण कराया गया।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि कस्बे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय नागरिकों, गौशाला प्रबंधन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
सड़क उद्घाटन के अवसर पर सभासद शाह आलम गौड़, निर्दोष जैन, संदीप गोयल, निसार सदस्य, विकसित सदस्य, इस्तखार उर्फ लल्ला सदस्य, नदीम सदस्य, हाजी रईस, अफजाल गौड़, भूरे खान, गुलजार खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं भाजपा व्यापारी नेता उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत द्वारा कराए गए इस विकास कार्य का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कस्बे की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाते रहेंगे।

