मुज़फ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के नॉवेल्टी चौराहे पर स्थित अरोरा इलेक्ट्रॉनिक एंड गिफ्ट शॉप में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण संभावित शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व गिफ्ट आइटमों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से धुआं और लपटें निकलती देख आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनुराग कुमार भी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यदि समय रहते उस पर काबू नहीं पाया जाता तो नॉवेल्टी चौराहे की पूरी मार्केट इसकी चपेट में आ सकती थी। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को फैलने से रोका और कई घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
दुकान में हुए भारी नुकसान की जानकारी मिलते ही दुकान स्वामी अभिनव अरोड़ा गहरे सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि नुकसान की गंभीरता देखकर वह सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल फायर टेंडर रवाना किए गए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दुकान के साथ-साथ प्रथम तल पर भी आग फैल चुकी थी। उन्होंने कहा कि फायर कर्मियों की तत्परता से बड़ी मात्रा में सामान को सुरक्षित बचा लिया गया। आग पर काबू पाने के लिए टीम को काफी मेहनत करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने बाजार क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से बाजारों में नियमित विद्युत जांच और अग्नि सुरक्षा उपायों को और मजबूत किए जाने की मांग की है।
बाइट – अनुराग कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ), मुज़फ्फरनगर।
“आग लगने की सूचना मिलते ही फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। मैं स्वयं घटनास्थल पर पहुंचा। दुकान और प्रथम तल पर आग लगी हुई थी। फायर कर्मियों ने कड़ी मेहनत कर आग पर नियंत्रण पाया और काफी सामान को सुरक्षित बचा लिया। प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का लग रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

