भोपा। भोपा थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्र में लगातार अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीकरी चौकी प्रभारी सपन चौधरी, सुमित चौधरी तथा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। चेकिंग के दौरान निरगाजनी पावर हाउस के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन वह नहीं रुका और जंगल की ओर भागने लगा।
पुलिस के अनुसार पीछा किए जाने के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम की ओर फायरिंग की। पुलिस टीम सुरक्षित रही और जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शहजाद पुत्र सत्तार निवासी सरवट, थाना सिविल लाइन बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल सीकरी निवासी शहजाद के घेर से 20 मई को चोरी हुई थी। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ नई मंडी, छपार, सिविल लाइन तथा मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र सहित विभिन्न थानों में कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
इस कार्रवाई में सीकरी चौकी प्रभारी सपन चौधरी, सुमित चौधरी, आदित्य, गौरव, ऋतिक, परवीन, प्रमोद और देशराज सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

