Friday, October 2, 2026

रास्ते को लेकर साकेत में उबाल, 15 साल पुरानी मांग पर अब आर-पार की तैयारी।




मुजफ्फरनगर। शहर की साकेत कॉलोनी में वर्षों से लंबित रास्ते के मुद्दे ने अब गंभीर राजनीतिक और जनआंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। रविवार को साकेत कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में क्षेत्रवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें साकेत, बसंत विहार और ब्रह्मपुरी के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में साफ तौर पर चेतावनी दी गई कि यदि लंबे समय से चली आ रही रास्ते की मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि ब्राह्मण इंटर कॉलेज के कृषि मैदान के पीछे से रेलवे माल कॉरिडोर के समानांतर एक रास्ता पहले से मौजूद था, जिसका उपयोग आमजन वर्षों तक करते रहे। लेकिन समय के साथ कथित रूप से उस रास्ते पर कब्जा कर दीवार खड़ी कर दी गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों का दावा है कि पुराने अभिलेखों में यह रास्ता स्पष्ट रूप से दर्ज है, बावजूद इसके आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रेलवे माल कॉरिडोर से होकर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग बंद होने के बाद साकेत मैन रोड और अंसारी रोड पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया है। हालात यह हैं कि दिनभर इन मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने यह मांग उठाई जा रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र के 80 प्रतिशत से अधिक मतदाता इस समस्या से प्रभावित हैं, फिर भी उनकी आवाज को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। बैठक में कुछ वक्ताओं ने यह भी कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र की जनता बड़ा राजनीतिक निर्णय लेने पर विचार कर सकती है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब इस मुद्दे को प्रशासनिक स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। इसके लिए 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो जल्द ही जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मुलाकात कर रास्ते के संबंध में विस्तृत वार्ता करेगी और पुराने अभिलेखों के आधार पर रास्ता खुलवाने की मांग रखेगी।

साकेत कॉलोनी निवासी डॉ. पंकज जैन ने कहा कि यह केवल एक रास्ते का मामला नहीं है, बल्कि हजारों लोगों की दैनिक सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की।

वहीं भाजपा के सेक्टर संयोजक कुलदीप कुमार शर्मा ने भी माना कि रास्ते की समस्या गंभीर है और इसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और सकारात्मक समाधान का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल साकेत, बसंत विहार और ब्रह्मपुरी के लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह मुद्दा आने वाले समय में बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है। जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं दिख रही और रास्ते के स्थायी समाधान की मांग पर एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने के मूड में नजर आ रही है।

Latest news
Related news