बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के लिए बड़ी और ऐतिहासिक खबर है। आजादी के बाद पहली बार सिंचाई विभाग की ओर से इतनी बड़ी परियोजना को मंजूरी मिली है, जिस पर तेजी से काम चल रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मध्य गंगा बैराज के बांध को आधुनिक तकनीक से मजबूत किया जा रहा है, जिससे गंगा कटान की समस्या से प्रभावित क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से गंगा के कटान के कारण क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आबादी वाले इलाकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। हर वर्ष कटान की वजह से खेती की जमीन और अन्य संपत्तियां खतरे में पड़ जाती थीं। अब इस नई परियोजना के जरिए बांध को अत्याधुनिक तकनीक से मजबूत बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए चंदन सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से परियोजना की जानकारी प्राप्त की। सांसद ने कहा कि गंगा कटान का मुद्दा क्षेत्र की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक था, जिसे उन्होंने लगातार विभिन्न स्तरों पर उठाया। उनके निरंतर प्रयासों और पैरवी के बाद यह बड़ी परियोजना स्वीकृत हुई और अब धरातल पर इसका कार्य शुरू हो चुका है।
सांसद ने स्वतंत्र देव सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सकारात्मक पहल के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य संभव हो पाया है। परियोजना पूरी होने के बाद बिजनौर विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को गंगा कटान के खतरे से राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह परियोजना समय पर पूरी हो जाती है तो यह बिजनौर के इतिहास में गंगा कटान रोकने की दिशा में सबसे बड़ा और प्रभावी कदम साबित होगी।
सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

