Friday, October 2, 2026

चरथावल में युवती से अभद्रता के आरोप पर बवाल, युवक हिरासत में!



मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। मोहल्ला हलवाईयांन में हुई इस घटना के बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया, वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान वसीम पुत्र भूरा निवासी नगला राई, थाना चरथावल के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि युवक ने रास्ते में जा रही एक हिंदू युवती से बातचीत करने और मोबाइल नंबर लेने का प्रयास किया। बताया गया कि युवती द्वारा इनकार किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान कथित अभद्र व्यवहार की बात सामने आने पर आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी सेना से जुड़े हिंदू नेता अंकित आर्य अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां युवक को पकड़ लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो के प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

सूचना मिलने पर चरथावल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मौके पर मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई।

उधर, शिवाजी सेना से जुड़े लोगों का कहना है कि क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो एक दिन पुराना बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी विवाद या शिकायत की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जा सके।

Latest news
Related news