मुजफ्फरनगर, 22 मई 2026:
जनपद में संगठन को लेकर शिवसेना ने बड़ा फैसला लेते हुए जिला युवा इकाई और महिला इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। यह निर्णय शिवसेना जिला अध्यक्ष लोकेश सैनी ने प्रदेश महासचिव डॉ. योगेंद्र शर्मा और मंडल अध्यक्ष राजेश कश्यप की संस्तुति पर लिया। संगठन के इस फैसले के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियों में हलचल तेज हो गई है।
बैठक में बताया गया कि संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और गतिशील बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि पिछले कुछ समय से कुछ पदाधिकारियों की असामान्य गतिविधियां सामने आ रही थीं, जिससे संगठन की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए युवा और महिला प्रकोष्ठ को भंग करने का निर्णय लिया गया।
शिवसेना नेता मनोज सैनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में शिवसेना लगातार हिंदुत्व और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन संगठन में अनुशासन और सक्रियता बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ऐसे पदाधिकारियों को आगे बढ़ाना चाहती है जो पूरी निष्ठा के साथ संगठन और हिंदुत्व की विचारधारा के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि अब एक महीने के भीतर नए सिरे से संगठन का गठन किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन का विस्तार करेगा, ताकि आने वाले समय में शिवसेना जनपद में और अधिक मजबूती के साथ काम कर सके।
बैठक में प्रदेश महासचिव डॉ. योगेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेश कश्यप, जिला अध्यक्ष लोकेश सैनी, मंडल महासचिव पुष्पेंद्र सैनी, मंडल उपाध्यक्ष गौतम कुमार, जिला सचिव गोपी वर्मा, युवा जिला सचिव विजय गौतम, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सैनी, प्रदीप कोरी, डॉ. सचिन कुमार, रविंद्र शर्मा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

