ई-रिक्शा में शव छोड़कर फरार हुई मां-बेटी, प्रेमी सुफियान पर हत्या का आरोप
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में स्टाफ नर्स अंजली शर्मा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंजली का अपहरण कर उसकी गला घोटकर हत्या की गई। मामले में सुफियान नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि पुलिस ने आरोपी की मां साजिदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी सुफियान की तलाश में मेडिकल थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
परिजनों के मुताबिक अंजली शर्मा मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं। आरोप है कि सुफियान लंबे समय से अंजली पर धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बना रहा था। जब अंजली ने इसका विरोध किया तो उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले अंजली अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद परिवार उसे तलाश कर रहा था।
बताया जा रहा है कि देर रात एक महिला और उसकी बेटी हेलमेट पहनकर ई-रिक्शा में अंजली को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़कर फरार हो गईं। अस्पताल स्टाफ को शक होने पर जब युवती को देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि अंजली की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने सीधे तौर पर सुफियान और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी सुफियान की मां साजिदा को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब फरार सुफियान की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को लेकर लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

