Friday, October 2, 2026

माननीय सांसद हरेंद्र मलिक की अध्यक्षता में ‘दिशा’ समिति की बैठक संपन्न!


विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश
मुजफ्फरनगर
विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद हरेंद्र मलिक ने की। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

माननीय सांसद ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत लंबित सड़कों के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका परिषद को बरसात से पूर्व नालों की सफाई एवं गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए।



जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जिससे आमजन को असुविधा न हो तथा प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके।



प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए मनरेगा में मानव दिवस बढ़ाने तथा अमृत सरोवर सहित जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।



आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘कायाकल्प योजना’ के तहत सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।



हरे-भरे एवं फलदार वृक्षों के कटान की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिला वनाधिकारी को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण हेतु ग्राम सभाओं की भूमि चिन्हित कर अधिकाधिक पौधरोपण कराया जाए तथा पौधों की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।


अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए गए कि जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जहां क्षमता वृद्धि की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि पशु चिकित्सालयों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार रोस्टर तैयार किया जाए। गौशालाओं में भूसा, पानी, टीनशेड, उपचार एवं टीकाकरण जैसी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।



माननीय सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों में धनाभाव आ रहा है, उनके लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर अतिरिक्त बजट की मांग की जाए, ताकि विकास कार्य समय से पूर्ण हो सकें।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा तथा निर्धारित समयावधि में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार श्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, समस्त ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला विकास अधिकारी श्री दिग्विजयनाथ तिवारी, जिला वनाधिकारी श्री अभिनव राज सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest news
Related news