Friday, October 2, 2026

भाटी विवाद पर राकेश टिकैत की दोटूक समाज और महिलाओं से माफी मांगो!



मुजफ्फरनगर/दिल्ली। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा गुर्जर और जाट समाज की महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर अब किसान राजनीति से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पूरे मामले पर स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी बातें सार्वजनिक मंचों से नहीं कही जानी चाहिएं और अगर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो बयान देने वाले को बिना देर किए माफी मांग लेनी चाहिए।

मीडिया से बातचीत करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि इस पूरे मामले का वीडियो काटकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जबकि मंच पर उसी समय इस बयान का विरोध किया गया था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने तुरंत आपत्ति दर्ज कराई थी और साफ कहा था कि मंच से इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिएं।

टिकैत ने कहा कि परंपराओं और सामाजिक व्यवस्थाओं का संदर्भ अलग हो सकता है, लेकिन आज के दौर में किसी भी समाज, समुदाय या महिलाओं को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी बेहद जिम्मेदारी के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरानी परंपराओं को गलत तरीके से पेश करने से विवाद पैदा होता है और सोशल मीडिया ऐसे मुद्दों को और तेजी से बढ़ा देता है।

राकेश टिकैत ने कहा, “गलती हो जाती है तो उसे स्वीकार करना चाहिए। जिस समाज के बारे में कहा गया है, उनसे माफी मांग लो… महिलाओं से भी माफी मांगो। आज सोशल मीडिया का जमाना है, किसी के बारे में कुछ भी बोलने से पहले सोचना जरूरी है।”

उन्होंने यह भी कहा कि पहले दूसरे समाजों को लेकर बयान दिए गए, अब जाट और गुर्जर समाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, ऐसे में लगातार विवादित बयान देने वालों को समझना होगा कि समाज सब देख रहा है। टिकैत की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक गलियारों में यह मामला और गरमा गया है तथा अब सबकी नजर इस बात पर है कि राजकुमार भाटी सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं या नहीं।

Latest news
Related news